नई दिल्ली। कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी वाड्रा और बिजनेसमैन रॉबर्ट वाड्रा के बेटे रेहान वाड्रा ने अपनी 7 साल पुरानी गर्लफ्रेंड अविवा बेग से सगाई कर ली है। 25 साल के रेहान ने दोनों परिवारों की मौजूदगी में प्रपोज किया, जिसे अविवा ने हामी भर ली।
रणथंभौर में भव्य सगाई समारोह
एनडीटीवी की रिपोर्ट के अनुसार, सगाई की औपचारिक सेरेमनी राजस्थान के रणथंभौर में होने वाली है। दोनों परिवार इस रिश्ते से बेहद खुश हैं। सूत्रों का कहना है कि शादी कुछ महीनों में हो सकती है। अविवा का परिवार दिल्ली में रहता है – पिता इमरान बेग बिजनेसमैन और मां नंदिता बेग इंटीरियर डिजाइनर हैं।
प्रियंका-नंदिता की पुरानी दोस्ती
खास बात यह है कि प्रियंका गांधी और नंदिता बेग पुरानी दोस्त हैं। नंदिता ने कांग्रेस हेडक्वार्टर इंदिरा भवन के इंटीरियर डिजाइन में प्रियंका की मदद की थी। रेहान और अविवा एक ही स्कूल में पढ़े हैं।
रेहान वाड्रा: फोटोग्राफर और विजुअल आर्टिस्ट
दून स्कूल (जहां राजीव-राहुल गांधी पढ़े) से पढ़ाई करने वाले रेहान ने लंदन के SOAS से राजनीति में हायर एजुकेशन किया। वे विजुअल आर्टिस्ट हैं और 10 साल की उम्र से फोटोग्राफी कर रहे हैं।
- 2021 में बीकानेर हाउस में पहली सोलो प्रदर्शनी ‘डार्क परसेप्शन’ आयोजित की
- वाइल्डलाइफ, स्ट्रीट और कमर्शियल फोटोग्राफी में माहिर
- 2017 में क्रिकेट मैच में आंख में चोट के बाद ब्लैक एंड व्हाइट फोटोग्राफी शुरू की
- नाना राजीव गांधी को भी फोटोग्राफी का शौक था
गांधी परिवार के इस नए रिश्ते ने राजनीतिक और सोशल सर्कल में चर्चा छेड़ दी है। शादी की तारीख का इंतजार सबको है।

